Skip to content
24/7 News Uttar Pradesh

प्रयागराज में शादी के जेवर और नकद चोरी, परिवार आजमगढ़ गया था

बंद मकान में घुसकर चोरों ने 15 लाख के सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए।

प्रयागराज के बंद पड़े मकान में चोरों द्वारा की गई तोड़फोड़ का दृश्य

प्रयागराज के न्यू मेंहदौरी में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बेटी की शादी के लिए रखे करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना 18 या 19 सितंबर की रात को हुई।

मकान के मालिक राजमणि यादव के भाई की अचानक मौत हुई थी। इसके बाद राजमणि पूरा परिवार 14 सितंबर को आजमगढ़ के अपने पैतृक गांव चला गया था। घर को ताले से बंद कर दिया गया था।

कैसे हुई चोरी

चोरों ने मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। फिर उन्होंने सभी कमरों के दरवाजे और अलमारी को तोड़ा। घर के भीतर सामान बिखेर दिया गया।

अलमारी में शादी के जेवरात रखे थे। इनमें सोने की चेन, मंगलसूत्र, हार, कंगन, पांच अंगूठियां, नथिया, कान की बालियां और नाक की कील शामिल थे। चांदी की पायल, बिछिया, प्लेट, पान, सुपारी और नारियल जैसी चीजें भी चली गईं।

पड़ोसियों ने सूचना दी

रविवार को पड़ोसियों ने मकान का मुख्य गेट खुला देखा। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। राजमणि यादव घर लौटकर आए और डायल-112 पर घटना की सूचना दी।

शिवकुटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है।

अलग घटना: बाइक भी चोरी

होलागढ़ के मुकुंदपुर में रहने वाले अजय जायसवाल शनिवार रात दधिकांदो मेला देखने तेलियरगंज गए थे। उन्होंने अपनी बाइक मेहंदौरी चौकी के पास खड़ी की थी।

मेला देखकर भोर में लौटने पर अजय को बाइक नहीं मिली। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिली। शिवकुटी पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।