मेरठ के सरधना में पिठलोकर गांव निवासी महबूब के मकान के पास से निकलने वाली सड़क को लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया। महबूब के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था।
महबूब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे जब वह घर से बाहर गया, तो पड़ोसी अनीस, फजिल, यासिर और नासिर उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और मिस्त्रियों से अभद्रता करते हुए उन्हें मारा और भगा दिया।
इसके बाद आरोपियों ने निर्माणाधीन दीवार और दरवाजे को तोड़ दिया। जब महबूब ने विरोध किया तो उसके परिवार के सदस्यों को भी मारा-पीटा और गालियां दीं। महबूब का कहना है कि आरोपियों ने शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
थाने के सीओ आशुतोष कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।