लखनऊ के सीजी सिटी में इकाना स्टेडियम के पास नौटिका ग्रींस अपार्टमेंट बनेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है।
परियोजना में 5 एकड़ के भूखंड पर 5 टावर होंगे। हर टावर 28 मंजिलों का होगा। इनमें कुल 500 प्रीमियम फ्लैट और 20 पेंटहाउस बनेंगे।
हर फ्लैट 2100 वर्गफीट का होगा। ये सभी 3 कमरे और स्टडी के होंगे। पेंटहाउस 4000 वर्गफीट क्षेत्रफल में बनेंगे।
अच्छी लोकेशन, बेहतर सुविधाएँ
नौटिका ग्रींस अपार्टमेंट इकाना क्रिकेट स्टेडियम और पलासियो माल के बीच 45 मीटर चौड़ी सड़क के कार्नर प्लाट पर बनेगा। शहीद पथ और सुलतानपुर रोड से सीधी पहुंच होगी।
सोसाइटी में जिम, स्विमिंग पूल, पार्क और क्लब हाउस होंगे। बच्चों के खेलने के लिए अलग जगह होगी। 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। 24 घंटे बिजली की सुविधा के लिए पावर बैकअप भी होगा।
पुरानी परियोजना की समस्या का समाधान
पहले नर्मदा अपार्टमेंट बनाने की योजना थी। यह जी-20 रोड पर राप्ती अपार्टमेंट के पास बनना था। इस परियोजना में 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस का निर्माण प्रस्तावित था।
मार्च 2026 में इन फ्लैटों के लिए ऑनलाइन लॉटरी भी की गई थी। लेकिन कोर्ट में केस चलने से परियोजना रुक गई। इसी कारण एलडीए ने सचिव की अध्यक्षता में एक समिति बनाई थी।
समिति की रिपोर्ट के आधार पर नया स्थल चुना गया। नौटिका ग्रींस में नर्मदा अपार्टमेंट के सभी आवंटियों को समायोजित किया जाएगा। उन्हें किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
जो आवंटी नई परियोजना में फ्लैट नहीं लेना चाहते, उन्हें नियमानुसार ब्याज समेत पूरी धनराशि वापस कर दी जाएगी।
अब क्या होगा आगे
एलडीए नियमानुसार रेरा पंजीकरण कराएगा। उसके बाद नई परियोजना के फ्लैटों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा। परियोजना में 3500 वर्गमीटर का पार्क भी होगा।