Skip to content
24/7 News Uttar Pradesh

अब मोबाइल एप से ही बन जाएगा बच्चों का आधार कार्ड

UIDAI दिसंबर से आधार एप पर पांच साल तक के बच्चों का आधार बनाने की सुविधा शुरू करेगा

मोबाइल एप से बच्चे का आधार बनाती मां

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) दिसंबर से आधार एप पर एक नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। इसके जरिए माता-पिता पांच साल तक के अपने बच्चे का आधार कार्ड घर बैठे खुद बना सकेंगे।

अभी यह सुविधा परीक्षण के दौर से गुजर रही है। यूआईडीएआई इसे आधार एप में ही जोड़ने की तैयारी कर रहा है, जिससे बाल आधार बनवाने के लिए केंद्र जाने की जरूरत खत्म हो जाएगी।

कैसे मिलेगी सुविधा

पांच साल तक के बच्चों का आधार बनाते समय बायोमीट्रिक नहीं लिया जाता, सिर्फ फोटो ली जाती है। इस नई व्यवस्था में माता-पिता को अपने फोन पर आधार एप इंस्टॉल करना अनिवार्य होगा।

इसके बाद उन्हें अपने आधार कार्ड की डिटेल से एप में लॉगिन करना होगा। लॉगिन करते ही एप में बच्चे का आधार बनाने का विकल्प दिखाई देगा।

माता-पिता की बायोमीट्रिक से सत्यापन

एप की मदद से बच्चे की फोटो सीधे मोबाइल कैमरे से क्लिक की जाएगी। फिर माता-पिता के फिंगरप्रिंट या अन्य बायोमीट्रिक डेटा के जरिए पहचान की पुष्टि होगी।

इस प्रक्रिया के पूरा होते ही बच्चे के आधार में माता-पिता का नाम और पता अपने आप जुड़ जाएगा। आधार तैयार होते ही उसे तुरंत डाउनलोड भी किया जा सकेगा।

यानी चंद क्लिक में ही घर बैठे बाल आधार बनकर तैयार हो जाएगा। यूआईडीएआई के मुताबिक यह सुविधा दिसंबर से शुरू होने की संभावना है।

With inputs from Amar Ujala