हज-2027 के लिए चुने गए यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाणपत्र जमा करने के लिए अब 30 सितंबर तक का समय मिल गया है। हज कमेटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर-13 के बाद उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने यह जानकारी दी।
पहले यह अंतिम तिथि 15 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है। यह विस्तार 15 सितंबर को जारी हज कमेटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर के जरिए दिया गया है।
सरकारी अस्पताल में जांच अनिवार्य
चयनित यात्रियों को सरकारी चिकित्सा केंद्र पर स्वास्थ्य जांच करानी होगी। इसके बाद सरकारी एलोपैथिक चिकित्सक से निर्धारित प्रारूप में फिटनेस प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य है। निजी अस्पताल या लैब की रिपोर्ट स्वीकार नहीं की जाएगी।
जांच पूरी होने के बाद यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस प्रमाणपत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद और अन्य जरूरी दस्तावेज हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 30 सितंबर तक अपलोड करने होंगे। इसके अलावा ये दस्तावेज उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में एक अक्तूबर तक भी जमा किए जा सकेंगे।
केरल के मंत्री के अनुरोध पर मिली राहत
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यह विस्तार केरल के हज मामलों के मंत्री एन समसुद्दीन के हस्तक्षेप के बाद दिया। मंत्री ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज कमेटी ऑफ इंडिया को पत्र लिखकर यात्रियों को हो रही दिक्कतों का हवाला देते हुए समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था। समसुद्दीन ने अनुरोध स्वीकार करने के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का आभार जताया।
दो चरणों में होती है जांच
मेडिकल स्क्रीनिंग की यह प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होती है। पहले चरण में प्रारंभिक जांच और फिटनेस प्रमाणीकरण किया जाता है, जिसकी समयसीमा अब 30 सितंबर है। दूसरा चरण रवानगी से ठीक पहले होगा, जिसमें अंतिम मेडिकल जांच और अनिवार्य टीकाकरण शामिल होगा।
हज कमेटी के सचिव मो. तारिक ने यात्रियों से अपील की है कि प्रमाणपत्र और जांच रिपोर्ट अपलोड करने के बाद उन्हें संभालकर रखें, क्योंकि दूसरे चरण की जांच के समय इन्हीं दस्तावेजों को दोबारा प्रस्तुत करना होगा।